Good News: गर्मी की छुट्टियों से पहले रेलवे की बड़ी तैयारी, यात्रियों को मिलेगा बड़ा राहत पैकेज, गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए Indian Railways ने पहले से ही खास प्लान तैयार कर लिया है। रेलवे का कहना है कि टिकट बुकिंग पहले ही खोल दी गई है, जिससे यात्रियों को आसानी होगी और लंबी वेटिंग से राहत मिलेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।
हर साल मई-जून में स्कूल और कॉलेज की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। खासकर बच्चे, परिवार और कामगार अपने घर लौटते हैं या छुट्टियों में घूमने का प्लान बनाते हैं। इसी बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने इस बार पहले से तैयारी कर ली है।
15 अप्रैल से 15 जुलाई तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कुल 908 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें मिलकर 18,262 फेरे पूरी करेंगी, जिससे यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और सफर आसान होगा।
पहले से बुकिंग का फायदा
रेलवे ने 908 में से 660 ट्रेनों की अधिसूचना पहले ही जारी कर दी है। इनसे जुड़े 11,294 फेरे अभी से बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। इससे यात्री अपनी यात्रा पहले से प्लान कर सकते हैं और वेटिंग लिस्ट की समस्या भी कम होगी।
किस जोन से कितनी ट्रेनें
देश के अलग-अलग रेलवे जोनों में इन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
- साउथ सेंट्रल रेलवे: 124 ट्रेनें
- वेस्टर्न रेलवे: 106 ट्रेनें
- नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे: 76 ट्रेनें
- नॉर्दर्न रेलवे: 76 ट्रेनें
- सेंट्रल रेलवे: 74 ट्रेनें
- साउदर्न रेलवे: 72 ट्रेनें
- ईस्ट सेंट्रल रेलवे: 64 ट्रेनें
- नॉर्थ सेंट्रल रेलवे: 54 ट्रेनें
- नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे: 52 ट्रेनें
- ईस्ट कोस्ट रेलवे: 28 ट्रेनें
इसके अलावा वेस्ट सेंट्रल, ईस्टर्न और नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे भी अपनी-अपनी ट्रेनें चलाएंगे।
भीड़ वाले रूट्स पर खास फोकस
ये स्पेशल ट्रेनें खास तौर पर उन रूट्स पर चलाई जाएंगी, जहां गर्मी में सबसे ज्यादा भीड़ होती है। छात्रों की छुट्टियां, परिवार की यात्रा और कामगारों के घर लौटने के कारण इन रूट्स पर दबाव बढ़ जाता है। इस योजना से सामान्य ट्रेनों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
