Pataleshwar Temple : किस्सा लगभग 40 साल पुराना है.. सहारनपुर का रानी बाज़ार…उस समय जहाँ आम दिनों में मोल-भाव होता था, उस दिन “मोक्ष” की लाइन लगी थी। खबर उड़ी की रानीबाज़ार स्थिति —“पातालेश्वर महादेव का शिवलिंग धंस रहा है…”और देखते ही देखते शहर ने काम बंद कर दिया। दुकानें छूटीं, दिमाग बंद हुए… और आस्था “ओवरएक्टिव” हो गई। अफवाह नहीं, “नैरेटिव” था—जो खुद बन गया। आज हम “नैरेटिव” शब्द टीवी डिबेट में सुनते हैं, लेकिन उस दिन रानी बाज़ार में बिना एंकर, बिना स्टूडियो—पूरा नैरेटिव सेट हो गया था।
“शिवलिंग धंस रहा है = प्रलय आने वाली है”
न कोई सबूत, न कोई जांच—बस एक लाइन, और पूरा शहर कन्विंस। आज फर्क बस इतना है—तब नैरेटिव गली में बनता था, आज स्टूडियो और सोशल मीडिया में बनता है। भीड़—जिसे सिर्फ दिशा चाहिए, सच नहीं। पातालेश्वर महादेव मंदिर के बाहर जमा भीड़ को अगर आप उस समय गौर से देखते, तो समझ आता—उसे सच्चाई नहीं चाहिए थी, उसे बस “कहानी” चाहिए थी। कोई चिल्ला रहा था—“प्रलय!” कोई कह रहा था—“भगवान नाराज़ हैं!” और भीड़?
बस उसी दिशा में बह रही थी। ठीक वैसे ही जैसे आज— कोई “देश खतरे में” बोल दे, या “धर्म खतरे में” कह दे— भीड़ फिर सोचती नहीं, सिर्फ प्रतिक्रिया देती है।
“मैंने अपनी आँखों से देखा है…” — सबसे पुराना फेक न्यूज़ फॉर्मेट भीड़ में वहीँ एक बुजुर्ग महिला— उस दिन की अनऑफिशियल “न्यूज़ चैनल”की एंकर बनी हुई थी। “मैंने अपनी आँखों से देखा है… महादेव तांडव कर रहे थे…” और बस— एक बयान, हजारों लोगों का विश्वास।
आज भी यही हो रहा है— बस फर्क इतना है कि अब ये लाइन बदल गई है: “मेरे चाचा पुलिस में हैं…” “एक डॉक्टर ने बताया…” “ये अंदर की खबर है…” माध्यम बदला है, मनोविज्ञान नहीं। राजनीति भी यही करती है—डर बेचो, भरोसा खरीदो। उस दिन किसी नेता की जरूरत नहीं थी, भीड़ खुद ही डर से संचालित हो रही थी। लेकिन आज?
डर एक “टूल” है। कभी धर्म का डर, कभी देश का डर, कभी पहचान का डर, क्योंकि जो डरता है, वो सवाल नहीं पूछता। और जो सवाल नहीं पूछता—उसे आसानी से चलाया जा सकता है।
मंदिर के अंदर—आस्था, बाहर—अफवाह का बाजार, अंदर लोग रो रहे थे— “भोलेनाथ, बचा लो…” बाहर लोग बेच रहे थे— “कुछ बड़ा होने वाला है…” यानी— अंदर भक्ति थी, बाहर “न्यूज़ मार्केटिंग” चल रही थी।
आज भी यही है—अंदर लोग भावुक होते हैं, बाहर कोई उस भावनाओं को “वायरल कंटेंट” बना देता है।
प्रशासन और तर्क—हमेशा लेट एंट्री
पुलिस आई, समझाया—“कुछ नहीं हुआ है…” लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। क्योंकि अफवाह की स्पीड हमेशा तर्क से तेज होती है। आज भी— फैक्ट-चेक अगले दिन आता है, फेक न्यूज उसी दिन करोड़ों लोगों तक पहुंच जाती है। सब कुछ सामान्य… लेकिन कुछ बदल गया था, अगले दिन—शिवलिंग वहीं था, मंदिर वहीं था, लोग भी वही थे। लेकिन एक चीज साफ हो गई थी—भीड़ को सच से ज्यादा “कहानी” पसंद है।
आज का आईना—AI, फेक न्यूज और वही पुराना दिमाग
आज अगर वही घटना होती—तो शायद YouTube पर थंबनेल होता : “ LIVE: शिवलिंग धंस रहा है!” WhatsApp पर मैसेज आता : “ये वीडियो अभी का है, जल्दी देखो…” और कोई AI वीडियो बना देता—जिसमें सच में तांडव होता दिख जाता।
आखिरी वार—कटाक्ष
सहारनपुर उस दिन इसलिए नहीं रुका था कि शिवलिंग धंस रहा था…वो इसलिए रुका था क्योंकि लोग सोचने से ज्यादा मानने लगे थे। और सच कहें तो—आज भी हम वहीं खड़े हैं…बस फर्क इतना है कि अब हमारे हाथ में स्मार्टफोन है, और दिमाग अब भी “फॉरवर्डेड” है।
