Breaking: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-3 में एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय आदेश के रूप में हुई है, जो एचएसवीपी मार्केट के पास एक ठेके पर मैनेजर के तौर पर काम करता था।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 12:30 बजे 15 से 20 लोगों के समूह ने आदेश पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। ज्यादा संख्या में हमलावर होने के कारण आदेश खुद का बचाव नहीं कर सका और गंभीर चोटों के चलते उसकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस भी मामले की गहन जांच में जुटी हुई है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
