Breaking: Mumbai Police और Anti-Terrorism Cell की संयुक्त कार्रवाई में मुंबई के वाकोला इलाके से युगांडा की दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है।,पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई महिलाओं की पहचान नकायोंडो रोज (37) और केमिगिसा प्रोसकोविया (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कई सालों से मुंबई के कालिना इलाके में रह रही थीं, लेकिन उनके पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा या जरूरी दस्तावेज नहीं थे।
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से अवैध रूप से रह रही इन महिलाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष ऑपरेशन की योजना बनाई और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों महिलाएं वीजा की तय अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में ही रह रही थीं। इसके बाद उनके खिलाफ विदेशी नागरिक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि अब दोनों को देश से बाहर भेजने यानी डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए संबंधित विभागों और दूतावास से संपर्क किया जा रहा है, जबकि मामले की जानकारी एफआरओ को भी भेज दी गई है।
इससे पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने हाल ही में एक अन्य मामले में बड़ी कार्रवाई की थी। मार्च की शुरुआत में महाराष्ट्र एटीएस ने प्रतिबंधित संगठन ISIS से जुड़े कथित ऑनलाइन प्रचार के मामले में मुंबई के तीन ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए और कई लोगों से पूछताछ की गई थी।
