Sonipat Municipal Corporation Elections : हरियाणा राज्य चुनाव आयोग की ओर जारी अधिसूचना के तहत नगर निगम के सभी 22 वार्डों के लिए चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुभाष चंद्र ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न करवाई जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि नामांकन पत्र 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रतिदिन प्रात 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित स्थानों पर स्वीकार किए जाएंगे। वार्ड नंबर 1 से 7 के लिए जिला राजस्व अधिकारी के कोर्ट रूम, वार्ड 8 से 14 के लिए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के कोर्ट रूम, वार्ड 15 से 22 के लिए बीडीपीओ, सोनीपत कार्यालय में नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को प्रात 11ः30 बजे से उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के कोर्ट रूम में की जाएगी। उम्मीदवार 28 अप्रैल को प्रात 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं।
उसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि 28 अप्रैल को ही प्रत्याशियों की सूची व मतदान केंद्रों की सूची भी प्रकाशित कर दी जाएगी। मतदान 10 मई को प्रात 8 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।
यदि आवश्यक हुआ तो पुनर्मतदान 12 मई को इसी समयावधि में कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना 13 मई को प्रात 8 बजे से उपायुक्त नेहा सिंह की ओर से निर्धारित केंद्र पर शुरू होगी तथा मतगणना पूर्ण होते ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
