Action Update: नागपुर संभाग में अवैध खनन के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने माफियाओं पर सख्त शिकंजा कसा है। पिछले एक साल में 2,478 मामलों में कार्रवाई की गई, जिसमें ₹55.39 करोड़ का जुर्माना लगाया गया और 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 1,512 वाहनों और 10 मशीनरी उपकरणों को जब्त किया गया।
विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी के अनुसार, अवैध गौण खनिज—खासकर रेत के उत्खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 587 मामले दर्ज किए गए और कुल जुर्माने में से ₹20.15 करोड़ की वसूली भी की जा चुकी है।
जिलों की बात करें तो भंडारा में सबसे ज्यादा 672 मामले सामने आए, जिनमें अधिकांश रेत से जुड़े थे। यहां ₹5 करोड़ का जुर्माना लगाया गया और 104 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई जारी रही—गोंदिया में 641 मामलों में ₹3.58 करोड़, नागपुर में 261 मामलों में ₹4.32 करोड़, वर्धा में 239 मामलों में ₹2.75 करोड़, चंद्रपुर में 431 मामलों में ₹6.44 करोड़ और गड़चिरोली में 234 मामलों में ₹3.24 करोड़ का जुर्माना लगाया गया।
प्रशासन का कहना है कि फ्लाइंग स्क्वॉड और चेकपोस्ट के जरिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
