Breaking: गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा—तीन ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, ड्राइवर और खलासी की मौत, झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां कुलगो टोल प्लाजा के पास तीन ट्रकों की आपस में टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक के ड्राइवर और खलासी वाहन में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी जलकर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, डुमरी थाना क्षेत्र में यह घटना उस समय हुई जब कुछ ट्रक सड़क किनारे खड़े थे और उनके चालक आराम कर रहे थे। तभी बगोदर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले एक खड़े मिनी ट्रक से टकराया, जिसके बाद वह आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा।
यह भी पढ़ें: Yamunotri का नया चेहरा? क्यों मनवीर चौहान बन रहे हैं भाजपा के सबसे प्रबल दावेदार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते तीनों ट्रकों में आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। हालांकि आग पर पूरी तरह काबू दमकल विभाग की टीम के पहुंचने के बाद ही पाया जा सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
