Bhiwani – सीबीएसई की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 500 में से 499 अंक हासिल करने वाली वृंदा को 21 अप्रैल को गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत सम्मानित करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर विधायक सुनील सांगवान ने 21,000 रुपये प्रोत्साहन देने की घोषणा की है जबकि भिवानी महापंचायत ने एक लाख रुपये पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने वृंदा के दादा कैलाश चंद से फोन पर बातचीत कर उन्हें और वृंदा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि होनहार वृंदा ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि वृंदा चाहे तो वह कुरुक्षेत्र स्थित चमन वाटिका गुरुकुल में आजीवन निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर सकती हैं।
वृंदा की इस उपलब्धि पर Bhiwani महापंचायत ने बैठक आयोजित कर उसे एक लाख रुपये का पुरस्कार देने का निर्णय लिया। महापंचायत के संरक्षक बृजलाल सर्राफ, संयोजक संपूर्ण सिंह, उद्योगपति धर्मेश शाह, विनोद मृग, रामदेव तायल और दीपक बंसल ने बैठक कर यह घोषणा की। साथ ही निर्णय लिया गया कि वृंदा, उसके परिजन, स्कूल स्टाफ और प्रबंधक समिति को 21 अप्रैल को आचार्य देवव्रत के भिवानी दौरे के दौरान उनके हाथों सम्मानित कराया जाएगा। महापंचायत द्वारा घोषित एक लाख रुपये की राशि भी राज्यपाल के हाथों दिलवाई जाएगी।
गौरतलब है कि वृंदा के दादा कैलाश चंद शर्मा क्रिकेट के जाने-माने खिलाड़ी रहे हैं। वह रणजी ट्रॉफी में हरियाणा की ओर से खेल चुके हैं और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।
