Breaking: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 14वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच ऐसा मुकाबला देखने को मिला जिसने फैंस को आखिरी गेंद तक सीट से हिलने नहीं दिया। 8 अप्रैल 2026 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रोमांच अपने चरम पर था।
गुजरात टाइटन्स ने इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को मात्र 1 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में बल्लेबाजी, साझेदारियां और अंतिम ओवरों का ड्रामा—सब कुछ देखने को मिला।
इस जीत के असली हीरो रहे वॉशिंगटन सुंदर, जिन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
10 साल का सूखा खत्म
2017 में IPL करियर की शुरुआत करने वाले सुंदर के नाम अब तक एक भी अर्धशतक नहीं था। लेकिन इस मैच में उन्होंने 10 साल, 68 मैच और 48 पारियों के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए पहला IPL फिफ्टी जड़ दिया।
32 गेंदों में तूफानी पारी
सुंदर ने दिल्ली के खिलाफ 32 गेंदों पर 55 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने न सिर्फ टीम का स्कोर मजबूत किया, बल्कि पूरे स्टेडियम को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 49 रन था।
गिल के साथ शानदार साझेदारी
गुजरात टाइटन्स की पारी में सुंदर और कप्तान शुभमन गिल के बीच 104 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। इसके अलावा जोस बटलर ने भी 27 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 210 रन बनाए।
दिल्ली की दमदार शुरुआत
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार शुरुआत की। पथुम निसंका और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए तेज 76 रन जोड़े। निसंका 41 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन राहुल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
आखिरी ओवरों में बदला मैच का रुख
जब अंतिम 12 गेंदों में 36 रन चाहिए थे, तब डेविड मिलर ने मैच में जान डाल दी। उन्होंने 19वें ओवर में मोहम्मद सिराज के खिलाफ 23 रन बटोरकर मुकाबला पूरी तरह पलट दिया।
अब आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन चाहिए थे। प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा और मैच को अंतिम गेंद तक पहुंचा दिया।
लास्ट बॉल पर खत्म हुआ मुकाबला
आखिरी गेंद पर दिल्ली को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे, लेकिन दबाव में डेविड मिलर गेंद को सही से खेल नहीं पाए। रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव रन आउट हो गए और गुजरात टाइटन्स ने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।
