Breaking Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने इस मामले में एक स्वर्ण व्यवसायी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए मोबाइल फोन, चाकू और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी राहगीरों को निशाना बनाकर लगातार लूट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर चांदनी चौक इलाके में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर गिरोह के बाकी सदस्यों को भी दबोच लिया गया।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर मौका देखकर राहगीरों से मोबाइल और जेवरात लूट लेते थे। लूटे गए जेवरात को अहियापुर क्षेत्र के एक स्वर्ण व्यवसायी को बेचा जाता था, जो उन्हें गलाकर आगे बाजार में खपा देता था। पुलिस ने उस कारोबारी को भी गिरफ्तार कर उसकी दुकान सील कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में सीतामढ़ी निवासी मोहित कुमार, अहियापुर का नवनीत कुमार, कांटी का कुंदन कुमार और स्वर्ण व्यवसायी कृष्ण कुमार शामिल हैं। वहीं शुभम कुमार गिरोह के लिए संपर्क और सेटिंग का काम करता था। पुलिस ने इनके पास से कई लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
