Charlie Kirk: अमेरिकी कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उन्हें बुधवार को यूटा के एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान गोली मारी गई। उन्होंने तत्काल पास के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में चार्ली किर्क की मौत की पुष्टि की है। इस हत्या ने पूरे अमेरिका में राजनीतिक हिंसा के खतरे की ओर सभी का ध्यान खींचा है। चार्ली किर्क ने युवा रिपब्लिकन वोटर को एकजुट करने में प्रभावशाली भूमिका निभाई थी। किर्क इजरायल के भी कट्टर समर्थक थे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘महान और लीजेंड्री चार्ली किर्क की मौत हो गई है।
चार्ली से बेहतर संयुक्त राज्य अमेरिका के युवाओं के दिल को कोई नहीं समझ सकता था।’ यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने इसे राज्य के लिए काला दिन बताया। उन्होंने कहा, ‘यह हमारे देश के लिए सबसे दुखद दिन है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि यह एक राजनीतिक हत्या है।’ 31 वर्षीय किर्क अपने द ‘अमेरिकन कमबैक टूर’ के तहत कैंपस में भाषण दे रहे थे, तभी गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति हिरासत में लिया गया है।
घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किर्क की गर्दन पर गोली लगते दिखाई दे रही है। वीडियो में किर्क एक सफेद तंबू के नीचे हाथ में माइक्रोफोन पकड़े बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। तभी एक गोली चलती है और किर्क अपना दाहिना हाथ ऊपर की ओर बढ़ाते हुए दिखाई देते हैं, जबकि उनकी गर्दन के बाई ओर से ढेर सारा खून बह रहा होता है। समाचार एजेंसी एपी ने पुष्टि की है कि ये वीडियो यूटा वैली यूनिवर्सिटी कैंपस में लिए गए थे।
