IPL 2026: Chennai Super Kings के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेल रही Mumbai Indians को 103 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी, जो टीम के इतिहास की सबसे करारी शिकस्तों में से एक मानी जा रही है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में CSK ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी MI को हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की और प्वॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं मुंबई पांच हार के साथ आठवें नंबर पर खिसक गई।
मैच की शुरुआत से ही मुंबई दबाव में आ गई थी। टीम ने महज 2.3 ओवर में अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए—Quinton de Kock (7*), दानिश मालेवार (0) और नमन धीर (0)। इस खराब शुरुआत के बाद टीम वापसी नहीं कर सकी। हालांकि Tilak Varma (37) और Suryakumar Yadav (36) ने चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन तिलक के आउट होते ही टीम की लय टूट गई।
इसके बाद Akeal Hosein और Noor Ahmad ने लगातार झटके देकर मुंबई को पूरी तरह मैच से बाहर कर दिया। अकील ने पहले तिलक का विकेट लेकर साझेदारी तोड़ी, फिर नूर ने Hardik Pandya और शेरफेन रदरफोर्ड को पवेलियन भेजा। अगले ओवर में सूर्यकुमार भी आउट हो गए, जिससे मुंबई की उम्मीदें खत्म हो गईं।
इसे भी पढ़ें: IPL 2026: पटरी पर लौटी मुंबई, 20वीं बार दोहराया इतिहास, 19 मौकों पर जीती बाजी
मैच के बाद कप्तान Hardik Pandya ने माना कि पावरप्ले में जल्दी विकेट गंवाना टीम पर भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि शुरुआती झटकों के बाद टीम सिर्फ मैच का पीछा करती रह गई और वापसी नहीं कर पाई। पिच को लेकर उन्होंने कोई बहाना नहीं बनाया और कहा कि CSK ने उसी पिच पर 207 रन बनाए, इसलिए बेहतर बल्लेबाजी की जरूरत थी।
पांड्या ने यह भी माना कि स्पिनरों को थोड़ी मदद मिल रही थी, लेकिन मुंबई के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने विपक्षी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और इसी वजह से इतना मजबूत स्कोर खड़ा किया, जो इस पिच पर चुनौतीपूर्ण से भी ज्यादा था।
