Breaking: Crime News: Dhar के धरमपुरी तहसील के सेमल्दा गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब बेटे ने अपने ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पिता समेत चार लोग घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि आरोपी मौके से फरार है।
जानकारी के मुताबिक 65 वर्षीय शांतिलाल कुशवाहा कर्ज के चलते अपनी जमीन बेचने की बात कर रहे थे। इसी बात से नाराज उनका छोटा बेटा दुर्गेश विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर उसने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े बेटे ललित पर दुर्गेश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने अपनी मां ममता, भाभी रानू और चचेरे भाई सुरेंद्र को भी निशाना बनाया। हमले में सुरेंद्र के पेट में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य परिजन भी घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी ने परिवार को धमकी दी और मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के अनुसार, आरोपी की तलाश जारी है और शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
