Earning from gaming apps: अगर आपने किसी गेमिंग ऐप से कोई कमाई की है तो इनकम टैक्स फाइल करना जरूरी है। ऐसा करने पर बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं।
Earning from gaming apps: ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया। वहीं काफी लोगों ने Dream11, Rummy, Ludo जैसे ऑनलाइन गेम्स से पैसे भी खूब कमाए हैं। अगर आपने भी इन गेमिंग ऐप्स पर पैसे कमाए हैं तो आपको इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरना जरूरी है। इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार इनकम टैक्स कानून में सीधे तौर पर ये नहीं लिखा है कि अगर आपने ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग से पैसे कमाए हैं तो आईटीआर भरना जरूरी है। लेकिन टैक्स नियमों के अनुसार, ऐसे गेम्स से हुई कमाई को रिपोर्ट करने के लिए आईटीआर भरना जरूरी है। अगर आईटीआर नहीं भरते हैं तो बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं।
क्या कहता है नियम?
नियम 12BA के अनुसार, अगर टीडीएस या टीसीएस पूरे साल में 25,000 रुपये से ज्यादा है तो आपको आईटीआर भरना होगा। रियल मनी ऑनलाइन गेम्स से होने वाली हर कमाई पर टीडीएस काटा जाता है। इसलिए, ऐसी कमाई को रिपोर्ट करने के लिए आईटीआर भरना जरूरी है। आईटीआर में ऑनलाइन गेमिंग के लिए अलग से कॉलम दिया गया है, जिसमें आप नेगेटिव वैल्यू नहीं डाल सकते। इसलिए, सिर्फ जीती हुई रकम पर ही टैक्स लगेगा।
कितना लगता है टैक्स?
चार्टर्ड अकाउंटेंट (डॉ.) सुरेश सुराणा बताते हैं कि इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के सेक्शन 115BBJ के तहत ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग से होने वाली कमाई पर 30% का फ्लैट टैक्स लगता है। इसमें कोई छूट या नुकसान को कम करने का प्रावधान नहीं है। अगर किसी व्यक्ति की ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग से कमाई होती है और उसकी कुल टैक्सेबल इनकम 2.5 लाख रुपये से कम है, तो भी उसे आईटीआर में इस कमाई को दिखाना जरूरी है।
फंस सकते हैं मुसीबत में
सुराणा कहते हैं, ‘अगर आपकी ऑनलाइन गेमिंग से सिर्फ 10 रुपये की कमाई होती है और आपकी कोई और इनकम नहीं है और ऑपरेटर ने TDS काटकर रिपोर्ट कर दिया है, तो शायद आपको कोई ब्याज या जुर्माना न लगे। लेकिन कानूनी तौर पर सही तरीका यही है कि आप आईटीआर भरकर अपनी इनकम को रिपोर्ट करें ताकि भविष्य में कोई दिक्कत न हो।’
