Breaking: अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (AUD) के छात्र परिषद चुनाव को लेकर AISA और ABVP के बीच दावों की टक्कर तेज हो गई है। दोनों संगठनों ने काउंसलर पदों को लेकर अलग-अलग आंकड़े पेश किए हैं, जिससे चुनाव परिणामों पर विवाद खड़ा हो गया है।
AISA का कहना है कि ABVP ने 8 सीटों पर जीत का दावा किया, लेकिन जिन कुछ उम्मीदवारों को ABVP का बताया जा रहा है, वे आधिकारिक तौर पर उसके बैनर तले चुनाव नहीं लड़े। AISA के मुताबिक इससे साफ है कि ABVP को छात्रों का व्यापक समर्थन नहीं मिला।
वहीं AISA ने अपने प्रदर्शन को मजबूत बताते हुए दावा किया कि उसके 17 काउंसलर जीते हैं, जिनमें 13 बिना मुकाबले चुने गए। अन्य सीटों पर भी AISA ने बढ़त हासिल की है। संगठन का कहना है कि कुछ अन्य समर्थनों के साथ उसकी कुल ताकत 23 सीटों तक पहुंच गई है।
दूसरी ओर, ABVP ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा कि 20 सीटों में से उसके समर्थित 8 उम्मीदवार विजयी रहे हैं। संगठन का दावा है कि यह नतीजे विश्वविद्यालयों में उसकी बढ़ती पकड़ और छात्रों के बीच बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।
इसी बीच SFI को इस बार 19 सीटें मिली हैं, जो पिछले साल की तुलना में कम हैं, हालांकि इनमें 12 सीटें निर्विरोध जीती गई हैं। अब चुनाव का अगला चरण बाकी है, जिसमें चुने गए काउंसलर मुख्य समिति का चयन करेंगे।
दोनों संगठनों के विरोधाभासी दावों के चलते AUD छात्र परिषद चुनाव को लेकर चर्चाएं और बहस तेज हो गई है।
