Defense Update: ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमलों के खतरे को देखते हुए अमेरिका ने Prince Sultan Air Base पर नई एंटी-ड्रोन तकनीक ‘स्काई मैप’ तैनात की है। पहले से मौजूद पैट्रियट जैसे महंगे डिफेंस सिस्टम हर जगह कारगर नहीं हैं, खासकर छोटे और सस्ते ड्रोन को रोकने में। इसी चुनौती से निपटने के लिए यह नया सिस्टम लगाया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म को ऑपरेट करने के लिए अमेरिकी कर्मियों को ट्रेनिंग देने में यूक्रेन के विशेषज्ञ भी मदद कर रहे हैं। यूक्रेन पहले ही रूस के खिलाफ युद्ध में इस तकनीक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर चुका है, जहां ईरानी मूल के ड्रोन का इस्तेमाल हुआ था। ऐसे में इस सिस्टम की क्षमता पहले ही साबित हो चुकी है।
क्यों अहम है यह एयर बेस?
Prince Sultan Air Base खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका का एक महत्वपूर्ण सैन्य अड्डा है, जो ईरान से करीब 400 मील की दूरी पर स्थित है। युद्ध के दौरान इस बेस को कई बार ड्रोन और मिसाइल हमलों का निशाना बनाया गया था, जिसमें अमेरिकी सैन्य संसाधनों को नुकसान भी हुआ।
क्या है ‘स्काई मैप’ सिस्टम?
‘स्काई मैप’ एक एडवांस कमांड-एंड-कंट्रोल प्लेटफॉर्म है, जो खासतौर पर ड्रोन जैसे हवाई खतरों की पहचान और ट्रैकिंग के लिए तैयार किया गया है। यह रडार, सेंसर और लाइव वीडियो जैसे कई स्रोतों से डेटा इकट्ठा कर ऑपरेटर को रियल-टाइम स्थिति दिखाता है। इससे आने वाले खतरे को जल्दी पहचानकर समय रहते कार्रवाई की जा सकती है।
इस तकनीक को यूक्रेन की रक्षा कंपनी Sky Fortress ने विकसित किया है। 2022 में शुरू हुए इस सिस्टम के तहत यूक्रेन में हजारों सेंसर का नेटवर्क लगाया गया है, जिससे ड्रोन हमलों का समय रहते पता लगाया जा सके। अब इसी आजमाई हुई तकनीक का इस्तेमाल अमेरिका पश्चिम एशिया में अपनी सुरक्षा मजबूत करने के लिए कर रहा है।
