Bihar Politics : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि उसके नेताओं का बीआर अंबेडकर, संविधान या आरक्षण नीतियों से कोई संबंध नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) का बचाव भी किया।
दरअसल, तेजस्वी (Tejashwi Yadav) लालू प्रसाद यादव के हालिया जन्मदिन समारोह को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जहां भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि राजद सुप्रीमो ने कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर का अपमान किया। तेजस्वी ने कहा, “इन (BJP) लोगों का बाबा साहेब, संविधान और आरक्षण से कोई लेना-देना नहीं है।
भाजपा फैलाती है केवल झूठ
लालू यादव ने बिहार में बाबा साहेब अंबेडकर की कई मूर्तियां स्थापित की हैं। हम अंबेडकर की विचारधारा को मानने वाले लोग हैं। भाजपा केवल झूठ फैलाती है।”उन्होंने आगे कहा, “लालू यादव 78 साल की उम्र में 10 घंटे काम करते हैं और लोगों से मिलते हैं। वह बीमार हैं, फिर भी वे उन पर इस तरह का आरोप लगाते हैं।”
बता दें कि लालू प्रसाद यादव को अपने 78वें जन्मदिन का केक तलवार से काटते हुए देखे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया, जिसकी भाजपा नेताओं ने आलोचना की और दावा किया कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और अंबेडकर की विरासत के प्रति अनादर का प्रतीक है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, “यह साफ दिख रहा है कि लालू प्रसाद यादव राजा बनने और लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीर का अपमान किया गया, उससे साफ पता चलता है कि लालू यादव बाबासाहेब अंबेडकर का अपमान करने की कोशिश कर रहे हैं।” केक काटने के दौरान इस्तेमाल की गई तलवार पर टिप्पणी करते हुए चौधरी ने कहा, “यह आपराधिक मानसिकता है। आज उन्होंने तलवार से अपना केक काटा, जब वे सत्ता में आएंगे, तो इसे एके-47 से काटेंगे।”
