Panipat : हरियाणा की टेक्सटाइल नगरी पानीपत से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां 500 वर्ग गज या इससे अधिक बड़े प्लॉट में बने 1252 घरों, कार्यालयों व अन्य भवनों के बिजली कनेक्शन कटेंगे, क्योंकि इनके मालिकों ने सोलर पैनल नहीं लगवाया है. बिजली निगम संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी कर रहा है. यह नियम करीब 8 साल पहले बना था, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब ऐसे भूखंडों में सोलर पैनल लगवाने की योजना को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं.
पीएम सूर्य घर योजना में शामिल होने पर बढ़ी सख्ती
हरियाणा नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (हरेडा) ने योजना के तहत सोलर पैनल लगवाना अब पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया है. पूरे सर्कल में करीब 4.25 लाख उपभोक्ता हैं. इनमें से रिहायशी 911 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल लगवाए हैं. शुरुआती समय में यह सामान्य योजना थी, लेकिन अब पीएम सूर्य घर योजना में शामिल करके सख्ती बढ़ा दी गई है.
सोलर पैनल लगवाना अनिवार्य
रिहायशी और कॉमर्शियल सेक्टरों में ऐसे बड़े प्लॉट हैं, जिनमें शहर में मॉडल टाउन, पुराना औद्योगिक क्षेत्र और तहसील कैंप क्षेत्र में इस तरह के प्लाट व मकान अधिक है. सरकार की योजना के तहत, कम- से- कम 1 किलोवाट या संबंधित लोड तक सोलर पैनल लगवाना अनिवार्य किया गया है.
