PM Modi: पीएम और उनकी मां पर टिप्पणी के विरोध में कल बिहार बंद , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता पर अभद्र टिप्पणी को लेकर पूरे NDA में जबरदस्त आक्रोश है। इसी के लिए कल बीजेपी की महिला विंग ने बिहार बंद बुला लिया है। वहीं JDU-HAM भी हत्थे से उखड़े नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी को गाली पर बिहार बंद
इस संबंध में मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित, NDA के घटक दलों के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि NDA के सभी नेता ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में राजद और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अभद्र शब्दों के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ मोदी की मां का नहीं बल्कि देश की हर मां का अपमान है।’
यह भी पढ़ें: Building collapse: विरार में बिल्डिंग हादसा, 15 की मौत, रेस्क्यू टीम जुटी
कल बीजेपी की महिला विंग करेगी बिहार बंद
उन्होंने बताया कि महिला शाखा द्वारा आहूत बंद में आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं को बंद से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा। डॉ. जायसवाल ने इस घटना को बिहार का भी अपमान बताया और कहा कि माताओं को देवतुल्य माना जाता है, उनका अपमान असहनीय है। उन्होंने लोगों से बंद में शामिल होने और कांग्रेस-राजद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की।
जदयू-HAM भी पीएम मोदी को गाली पर हत्थे से उखड़े
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ‘महागठबंधन की यात्रा के दौरान की गई अभद्र टिप्पणियां न सिर्फ लोकतांत्रिक परंपराओं का, बल्कि मां के पूजनीय पद का भी अपमान है। बिहार की धरती माताओं-बहनों का अपमान करने वालों को नहीं बख्शेगी।’ वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि राजद-कांग्रेस के मंच से इस्तेमाल की गई भाषा लोगों को जंगलराज की याद दिलाती है। NDA नेताओं ने कहा कि महिला मोर्चा चार सितंबर को सड़कों पर उतरेगा और अभद्र भाषा के खिलाफ सशक्त विरोध दर्ज कराएगा।
