RSS (Faridabad) : जिला रेड क्रॉस सोसायटी एवं जय सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हरियाणा के पूर्व प्रांत संपर्क प्रमुख एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा की कार्यकारिणी सदस्य स्व. गंगा शंकर मिश्र की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी अमूल्य स्मृति में त्रिवेणी (बरगद, नीम, पीपल) का पौधारोपण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रकृति से जुड़कर सेवा भाव अपनाएं : विमल खंडेलवाल
विमल खंडेलवाल ने इस अवसर पर कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण को ही नहीं संवारता, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का भी मार्ग प्रशस्त करता है। यह हमारे भविष्य की सुरक्षा के लिए उठाया गया एक प्रभावी कदम है, जो सभी को प्रेरित करता है कि वे भी प्रकृति से जुड़कर सेवा भाव अपनाएं।
उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने स्व. गंगा शंकर मिश्र के सेवा, अनुशासन और संगठन कौशल को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उनका सरल और सेवाभावी व्यक्तित्व जीवनभर भाईचारे और समाज सेवा का संदेश देता रहा। इतने बड़े पद पर रहते हुए भी जो अनुशासन और सद्भावना उन्होंने स्थापित की, वह आज भी समाज को सही दिशा दे रही है।
जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सोरौत ने अपील की
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सोरौत ने अपील की कि महान विभूतियों की स्मृति में अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाए। मानसून का आगमन हो चुका है, अतः सभी सामाजिक संगठन आगे आकर सक्रियता से वृक्षारोपण अभियान चलाएं और हर व्यक्ति अपने नाम से एक पौधा अवश्य लगाए।
रेड क्रॉस सोसायटी के उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि हमें छायादार, फलदार और उपयोगी पौधे लगाकर बच्चों को भी इसके महत्व से परिचित कराना चाहिए, ताकि वे बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझें। आज लगाया गया पौधा ही कल सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा।
इस अवसर पर बिजेंद्र सोरौत, विमल खंडेलवाल, पर्यावरण सेविका पूर्णिमा रस्तोगी, डीएलएफ इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट राम अग्रवाल, नीलम चौधरी, भाजपा नेता विक्रम अरुवा, सरपंच संगठन के अध्यक्ष सूरजपाल भूरा, अधिवक्ता सौरव मुद्गल, मधुसूदन माटोलिया समेत समाज के कई सम्मानित जन उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
