Faridabad News : थाना पल्ला क्षेत्र के रोशन नगर में विवाहिता की हत्या कर शव को गड्ढे में दबाने के मामले में पुलिस ने ससुर भूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में 21 अप्रैल की देर रात को भूप सिंह ने तन्नू की चुन्नी से गला दबाकर हत्या की थी।
25 अप्रैल को रोशन नगर फरीदाबाद में रहने वाले अरुण सिंह ने पुलिस चौकी नवीन नगर में एक शिकायत दी। जिसमें बताया कि उसकी पत्नी तन्नु राजपूत 24 अप्रैल को घर से बिना बताए कहीं पर चली गई है। जिस पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
ससुर भूप सिंह (54) निवासी रोशन नगर को गिरफ्तार कर लिया गया : एसीपी
एसीपी सराय राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना पल्ला की टीम को ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या कर शव को जमीन में दबाने बारे संदेह हुआ। जिस पर 20 जून को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मकान के सामने खुदाई कराई गई। जहां से तन्नु का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि थाना पल्ला की टीम ने कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर भूप सिंह (54) निवासी रोशन नगर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अरुण की शादी दो साल पहले यूपी के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा में रहने वाले हाकिम की बेटी तन्नू कुमारी से हुई थी। शादी के बाद घर में अनबन चलती रहती थी।
चुन्नी से दबाया गला
21 अप्रैल की रात को आरोपी के घर पर उसकी बेटी व पुत्रवधू तन्नू थी। पत्नी एक शादी के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गई हुई थी। बेटा अरुण सिंह रात को ड्यूटी पर गया हुआ था। उसकी बेटी खाना खाकर ग्राउंड फ्लोर पर अपने कमरे में सो गई थी। वहीं तन्नु भी प्रथम तल पर सोने के लिए चली गई थी। उसी रात आरोपी तन्नु के कमरे में गया, जहां पर उसने चुन्नी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मकान से सामने पहले से बने गड्ढे (सोखता) में डालकर दबा दिया। ताकि किसी को दिखाई न दे और फिर सुबह राजमिस्त्री के आने से पहले गड्ढे को भर दिया।
पत्नी के बनवाए थे पोस्टर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद मृतका के पति अरुण ने पत्नी के गुम होने के पोस्टर बनवाए थे। जिसमें उसकी फोटो, नाम सहित अन्य जानकारी व अपने फोन नंबर लिखवाए। साथ ही उसमें पत्नी की सूचना देने वाले को इनाम देने की बात भी कहीं गई थी।
News source crediit: amarujala
