DUSU Election Results 2025: एबीवीपी ने एक बार फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र राजनीति में दिखाया दम। इस बार हुए छात्र संघ चुनाव में संगठन ने अध्यक्ष समेत तीन प्रमुख पदों पर कब्जा जमाया है। वहीं, एनएसयूआई को केवल उपाध्यक्ष पद से ही संतोष करना पड़ा। जानिए नए चुने गए पदाधिकारियों की पूरी जानकारी।
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में बीजेपी समर्थित छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शानदार जीत हासिल की है। एबीवीपी ने कांग्रेस के सपोर्ट वाले स्टूडेंट विंग एनएसयूआई से अध्यक्ष पद छीन लिया। एबीवीपी ने डूसू पैनल के तीन महत्वपूर्ण पदों पर कब्जा जमाया। एनएसयूआई को सिर्फ एक पद से संतोष करना पड़ा। शुक्रवार को 21 राउंड की गिनती के बाद नतीजे सामने आए। डूसू अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आर्यन मान ने जीत दर्ज की।
आर्यन मान को कुल 28,841 वोट मिले। उन्होंने एनएसयूआई की जोसलिन नंदिता चौधरी को हराया। जोसलिन को 12,645 मत ही मिले। लेफ्ट समर्थित उम्मीदवार अंजलि को 5,385 वोट आए। डूसू चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष के साथ-साथ सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी कब्जा जमाया। सचिव पद पर कुणाल चौधरी जीते और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा जीतीं। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के राहुल झांसला ने बाजी मारी है।
यह भी पढ़ें: DUSU Result 2025: पहले राउंड में ABVP उम्मीदवार को बढ़त, जानें किसे मिले कितने वोट
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी (ABVP) से डूसू अध्यक्ष बनने वाले आर्यन मान हंसराज कॉलेज के छात्र हैं। वे लाइब्रेरी साइंस में डिग्री कोर्स कर रहे हैं। हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले आर्यन मान फुटबॉल भी खेलते हैं। उन्होंने एबीवीपी की ओर से आयोजित कई छात्र आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। खासकर फीस बढ़ोतरी के खिलाफ और यूनिवर्सिटी के बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए उन्होंने आवाज उठाई है।
