Modi Government के दिवाली गिफ्ट से चमकेंगे 40+ शेयर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली का गिफ्ट देने का वादा किया है। 15 अगस्त को लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जीएसटी सुधारों पर काम कर रही है। उनकी इन घोषणा के बाद बाजार बम-बम है।
खबर से शेयर बाजार में हलचल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दिवाली तक भारत के जीएसटी स्ट्रक्चर में बदलाव किया जाएगा। इस खबर से शेयर बाजार में हलचल मच गई है। सोमवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक उछल गया। कई ब्रोकरेज फर्मों ने 40 से ज्यादा कंपनियों को चुना है, जो इस बदलाव से फायदे में रह सकती हैं। ऑटो, फाइनेंस, रियल एस्टेट, कंज्यूमर और सीमेंट कंपनियों के शेयरों में आज जबरदस्त उछाल आया। निवेशक इस मौके का फायदा उठाने के लिए जल्दी से शेयर खरीदने लगे। एक्सपर्ट्स का कहना है कि 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से यह सबसे बड़ा बदलाव होगा।
टैक्स के चार स्लैब को घटाकर सिर्फ दो किए जाएंगे
सरकार जीएसटी 2.0 लाने की तैयारी में है। इसमें टैक्स के चार स्लैब को घटाकर सिर्फ दो किए जाएंगे। अब केवल 5% और 18% वाले स्लैब ही होंगे। इसमें ‘सिन गुड्स’ को शामिल नहीं किया जाएगा। माना जा रहा है कि 12% वाली कैटगरी में शामिल लगभग 99% सामान 5% के स्लैब में आ जाएगा। वहीं, 28% टैक्स वाले 90% सामान को 18% के स्लैब में रखा जाएगा। मोतीलाल ओसवाल ने एक रिसर्च नोट में कहा कि इससे काफी बचत होगी क्योंकि 28% वाले स्लैब में कई ऐसी चीजें हैं जो ज्यादातर लोग खरीदते हैं।
