CM Saini का ऐलान: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों को प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। ये घोषणा उन्होंने वित्तीय प्रबंधन संस्थान के नए भवन के उद्घाटन समारोह में की।
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में वित्तीय प्रबंधन संस्थान के नए भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट से बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। सीएम ने कहा कि यह संस्थान सभी विभागों और लोगों के लिए उपयोगी होगा और 2047 तक विकसित भारत के सपने में हरियाणा अहम भूमिका निभाएगा।
सीएम सैनी ने कहा कि वित्तीय प्रबंधन संस्थान के भवन के अंदर प्रदेश की तमाम योजनाओं के लिए नीतियां बनेंगी और वित्त का काम होगा। इस भवन में नई तकनीक के कॉन्फ्रेंस हॉल बने हैं, जिनके इस्तेमाल से फायदा मिलेगा।
सफाई व्यवस्था को लेकर अहम बैठक
सीएम सैनी ने सरकारी अस्पतालों में सफाई व्यवस्था को लेकर भी बैठक की। इस बैठक में स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा मौजूद रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वच्छता को लेकर हरियाणा के शहरों की अलग रैंकिंग तय की जाएगी। केंद्र सरकार जैसे शहरों की स्वच्छता की रैंकिंग तय करती है, वैसे हरियाणा में भी शहरों की स्वच्छता की रैंकिंग तय की जाएगी। सीएम ने रेसिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन और सामाजिक संस्थाओं से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की।
सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं
सीएम ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े में पूरी कार्य योजना तैयार होगी। प्रदेश के हर जिले में सरकारी अस्पताल में निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। एमआरआई, डिजिटल एक्सरे, डायलिसिस जैसी सभी सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी। सभी सीएमओ और पीएमओ को बैठक में दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को सरकारी आधुनिक अस्पतालों के पहले चरण का उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें सभी सुविधाएं होंगी।
News source credit: indiatv
