Update: गैस संकट के बीच दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी में पाइपलाइन गैस (PNG) पहुंचाने की रफ्तार बढ़ा दी है। सरकार ने हर घर तक पीएनजी कनेक्शन देने के मिशन को तेज करते हुए 4 लाख नए कनेक्शन लगाने का प्लान बनाया है। इसके लिए अधिकारियों को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजधानी में पहले ही करीब 14 लाख घरों तक पीएनजी पहुंच चुकी है, जबकि अब इस संख्या को बढ़ाकर 18 लाख तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बचे हुए 4 लाख कनेक्शन जल्द से जल्द दिए जाएं और इस काम को मिशन मोड में पूरा किया जाए।
आईजीएल और अन्य संबंधित विभागों के साथ हुई बैठक में इस योजना को तेजी से लागू करने की रणनीति तैयार की गई। सरकार ने घर-घर अभियान चलाकर लोगों को पाइप गैस अपनाने के लिए भी प्रेरित करने का फैसला किया है।
पश्चिम एशिया में जारी संकट और होर्मुज स्ट्रेट में बाधाओं के चलते एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी को देखते हुए सरकार स्वच्छ ईंधन के रूप में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेज कर रही है, ताकि लोगों को रसोई गैस की बेहतर और स्थिर सुविधा मिल सके।
