Update: ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के कारण यूरोप में तेल और गैस की कीमतों में आई भारी बढ़ोतरी फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही है। यूरोपीय संघ के ऊर्जा आयुक्त डैन जोर्गेनसेन ने साफ कहा कि अगर तुरंत शांति भी स्थापित हो जाए, तब भी कीमतें जल्द सामान्य स्तर पर लौटना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि 27 देशों वाले यूरोपीय संघ में फिलहाल तेल और गैस की सप्लाई में कोई बड़ी कमी नहीं है, लेकिन डीजल और जेट फ्यूल की उपलब्धता पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा, वैश्विक गैस बाजार में बढ़ती अनिश्चितताओं के चलते बिजली की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है।
तेल-गैस कीमतों में बड़ा उछाल
युद्ध शुरू होने के बाद से यूरोप में गैस की कीमतें करीब 70% तक बढ़ चुकी हैं, जबकि तेल के दामों में लगभग 60% की वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर यूरोपीय संघ के आयात खर्च पर पड़ा है, जो बढ़कर करीब 14 अरब यूरो तक पहुंच गया है।
