Kurukshetra News: सीएम सिटी में बुधवार देर रात तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। कहासुनी के बाद पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक नेपाली परिवार के घर पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शिव मोहल्ला में किराए पर रह रहे नेपाली परिवार की सदस्य गीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 10 बजे परिवार के लोग घर में बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस में अपनी नानी के यहां रहने वाला यूपी के सहारनपुर जिले के शाहपुर गांव का रहने वाला आदित्य उर्फ आदि राणा गाली-गलौज करने लगा। जब गीता की मां लक्ष्मी ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उनके भाई संतोष के साथ मारपीट शुरू कर दी।
करीब 11:15 बजे आदित्य राणा अपने साथी तुषार पंडित और 7-8 युवकों के साथ 3-4 मोटरसाइकिलों पर फिर पहुंचा और दोबारा झगड़ा किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। किसी ने डायल-112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद परिवार ने घर के दरवाजे बंद कर लिए।
लेकिन रात करीब 2 बजे आरोपी फिर लौटे। इस बार वे दो गाड़ियों में सवार होकर आए और गेट तोड़कर घर में घुस गए। उन्होंने जान से मारने की नीयत से 5-6 राउंड फायरिंग की। इस दौरान परिवार के लोग कमरों में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गुरनाम सिंह के अनुसार, संगम मार्केट स्थित घर पर फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस, सीआईए-2, सीआईए लाडवा और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से पांच खाली कारतूस बरामद किए गए हैं और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस ने आदित्य राणा, तुषार पंडित समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
