Inspiring: भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक जीत में एक श्रीलंकाई क्रिकेटर की भी अहम भूमिका रही है।
क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी जीत ली। इस शानदार जीत के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों पर इनामों की बारिश कर दी है। हालांकि मैदान पर खेलने वाले 11 खिलाड़ियों के अलावा टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ का योगदान भी बेहद महत्वपूर्ण रहा। इन्हीं में एक नाम है श्रीलंका के नुवान सेनेविरत्ने, जो पर्दे के पीछे रहकर टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
वो श्रीलंकाई जिसने टीम इंडिया को मजबूत बनाया
नुवान सेनेविरत्ने टीम इंडिया के लेफ्ट आर्म थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट हैं और उन्हें टीम में प्यार से ‘बव्वा’ कहा जाता है। श्रीलंका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर नुवान ने लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) में भारत की जीत में अहम योगदान दिया। उनका मुख्य काम भारतीय बल्लेबाजों को बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ अभ्यास कराना है। नेट्स में वे अलग-अलग एंगल और स्पीड से गेंद फेंककर बल्लेबाजों को कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार करते हैं, जिससे टीम की बल्लेबाजी और मजबूत हुई है।
कोलंबो में स्कूल बस चलाने से शुरू हुआ सफर
नुवान का टीम इंडिया तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। 14 नवंबर 1979 को कोलंबो में जन्मे नुवान ने 2004 में सिर्फ दो प्रथम श्रेणी मैच खेले थे, लेकिन उनका क्रिकेट करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभाने के लिए उन्हें कोलंबो में स्कूल बस ड्राइवर की नौकरी करनी पड़ी। इसके साथ ही वे एनसीसी ग्राउंड पर बल्लेबाजों को थ्रोडाउन देकर अपने क्रिकेट से जुड़े रहने की कोशिश करते रहे।
विराट कोहली की नजर ने बदली किस्मत
उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया जब 2017 में भारतीय टीम के श्रीलंका दौरे के दौरान विराट कोहली की नजर उन पर पड़ी। उनके थ्रोडाउन से प्रभावित होकर विराट ने उन्हें टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाई। आज नुवान टीम के सबसे भरोसेमंद सदस्यों में गिने जाते हैं। विश्व कप जीत के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रॉफी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि 2024 और 2026 की ये जीत उनके लिए हमेशा यादगार रहेंगी।
