Health Tips: चैत्र नवरात्र के दौरान व्रत रखते समय शरीर को हल्का और ऊर्जावान बनाए रखना जरूरी होता है। ऐसे में नींबू पानी एक आसान, प्राकृतिक और हेल्दी विकल्प है, जो न सिर्फ प्यास बुझाता है बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी देता है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीना काफी फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद विटामिन-C, एंटीऑक्सीडेंट और साइट्रिक एसिड इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं और व्रत के दौरान होने वाली कमजोरी, सर्दी-जुकाम और संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं।
व्रत के समय अक्सर गैस, अपच, पेट फूलना और कब्ज जैसी समस्याएं हो जाती हैं। नींबू पानी पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है, एसिडिटी कम करता है और शरीर को हल्का महसूस कराता है। इसके साथ ही यह लिवर को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है, जिससे शरीर में जमा टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और एनर्जी बनी रहती है।
वजन नियंत्रित रखने में भी नींबू पानी काफी असरदार है। यह मेटाबॉलिज्म बढ़ाता है, फैट बर्न करने में मदद करता है और भूख को कंट्रोल करता है। व्रत के बाद भी इसका सेवन जारी रखने से वजन संतुलित रहता है।
त्वचा के लिए भी यह बेहद लाभकारी है। कम पानी पीने से त्वचा रूखी हो सकती है, लेकिन नींबू पानी में मौजूद पोषक तत्व स्किन को ग्लोइंग और हेल्दी बनाए रखते हैं, साथ ही दाग-धब्बे और मुंहासों को कम करने में मदद करते हैं।
कैसे बनाएं नींबू पानी?
एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें। चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा शहद मिला सकते हैं, लेकिन चीनी से परहेज करें। बहुत गर्म पानी की जगह हल्का गुनगुना पानी ही इस्तेमाल करें। व्रत के दौरान इसे दिन में 2-3 बार लेना फायदेमंद हो सकता है।
