Bihar News : बिहार के रोहतास जिले के पडुहार गांव में शराबबंदी का विरोध करना एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो गया। 43 वर्षीय राजेश कुमार राम की कुछ दबंगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि राजेश अपनी निजी जमीन पर हो रही अवैध शराब बिक्री का विरोध कर रहे थे, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
यह घटना आयरकोठा थाना क्षेत्र के पडुहार गांव की है, जहां शुक्रवार को यह सनसनीखेज वारदात सामने आई। बिहार में लागू शराबबंदी के बावजूद इलाके में अवैध शराब बेची जा रही थी, जिसका राजेश ने विरोध किया था। इसी बात से गुस्साए लोगों ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन हालत ज्यादा बिगड़ने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी अवैध शराब और दबंगों की शिकायत की थी, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। उल्टा पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय मृतक के छोटे भाई को ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को सासाराम के सदर अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। (Bihar News)
